पटना: बिहार में जदयू बनाम लोजपा के संघर्ष में लोजपा को एक बड़ा झटका जदयू ने दे दिया और गुरुवार को 200 से अधिक लोजपा के कार्यकर्ता लोजपा की झोपड़ी से निकलकर जदयू का तीर चलाएंगे। लोजपा ने बिहार विधानसभा में जदयू के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। इसमें लोजपा को सीटें तो नहीं मिली मगर जदयू को कई सीटों पर हराने का जरुर काम किया। अध्यक्ष चिराग पासवान की कार्यशैली से अधिकांश नेता परोक्ष-अपरोक्ष रूप से बहुत नाराज चल रहे थे, आज इसी का नतीजा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में फेल हो चुके चिराग पासवान की पार्टी लोजपा में भगदड़ की स्थिति है। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने सभी नेताओं को दल में शामिल कराया। लोजपा के जिन नेताओं ने जदयू का दामन थामा उसमें से कई तो पार्टी की स्थापना काल से ही लोजपा के साथ जुड़े थे। रामविलास पासवान के निधन के बाद चिराग पासवान जिस तरह से पार्टी का संचालन कर रहे हैं उससे नेताओं में भारी नाराजगी है। इसके बाद लोजपा के नेता अपने आप को पार्टी से अलग कर रहे हैं। जदयू के प्रदेश कार्यालय में गुरुवार पूर्व प्रदेश महासचिव केशव सिंह, प्रदेश महसाचिव रहे दीनानाथ क्रांति, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पारसनाथ गुप्ता समेत 131 नेता जदयू में शामिल हुए। इसके अलावे हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के 77 नेता कार्यकर्ता भी लोजपा से रुसवा होकर जदयू के हो गए।
