• बिहार में जहरीली शराब पीने से 10 की मौत
• संजय जायसवाल ने अपनी ही सरकार पर उठाया सवाल
• दो तीन अधिकारियों की बर्खास्तगी भी होनी चाहिएः संजय जायसवाल
बिहार में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन करने के लिए नीतीश सरकार लगातार काम कर रही है। बावजूद इसके शराबबंदी का सूबे में बहुत हद तक असर देखने को नहीं मिल रहा है। बिहार में जहरीली शराब पीने से करीब 10 लोगों की मौत हो गयी है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी ही पार्टी की सरकार पर सवालिया निशान खड़ा किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जयसवाल ने कहा की इस घटना में जो लोग भी दोषी हैं. उनपर कार्रवाई की जानी चाहिए. साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई करने की जरुरत है।
संजय जयसवाल ने ये भी कहा की वरीय अधिकारीयों पर जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक बिहार में ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी। बिहार में शराबबंदी फेल होने के सवाल पर संजय जयसवाल ने कहा की जो कानून बनता है, उसका उल्लंघन होता है। इसमें कोई शक नहीं है, लेकिन किसी कानून का उल्लंघन हो रहा है तो उसे खत्म नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कहा की कार्रवाई के लिए कानून बना ही है। इसके लिए जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। साथ ही वरीय अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। हलांकि ऐसी बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कहा करते हैं। संजय जयसवाल ने कहा की दो तीन अधिकारियों की बर्खास्तगी भी होनी चाहिए।
